होम राज्य उत्तर प्रदेश आगरा में माथुर वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियां तेज, समाजसेवियों ने...

आगरा में माथुर वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियां तेज, समाजसेवियों ने बेटियों के सम्मान में किए विशेष पुरस्कारों के ऐलान

आगरा से निर्भय सिंह, जिला संवाददाता की रिपोर्ट,

आगरा। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश मामा के नेतृत्व में रविवार को रक्तदान शिविर के उपरांत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 15 एवं 16 अगस्त को पंचकुइयां स्थित महासभा भवन में आयोजित होने वाले माथुर वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न निर्णय लिए गए। बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में समाज की अधिक से अधिक विवाह योग्य युवक-युवतियों, विशेषकर बेटियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान समाजसेवियों ने सम्मेलन में शामिल होने वाली बेटियों को सम्मानित करने के लिए आकर्षक उपहार एवं पुरस्कार देने की घोषणाएं कीं।

प्रथम महिला श्रीमती नीता गुप्ता ने सम्मेलन में भाग लेने वाली प्रत्येक बेटी को आकर्षक उपहार भेंट करने की घोषणा की। वहीं महासभा की उपाध्यक्ष श्रीमती रीता मनीष अलंकार ने भी प्रत्येक प्रतिभागी बेटी को विशेष उपहार देने का संकल्प लिया।

महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाज शिरोमणि विनोद सर्राफ ने सम्मेलन में शामिल होने वाली प्रत्येक बेटी को पांच ग्राम चांदी का सिक्का, आने-जाने का किराया एवं अन्य आवश्यक खर्च उपलब्ध कराने की घोषणा की। राष्ट्रीय महामंत्री शंकर गुप्ता तथा उपाध्यक्ष अचल गुप्ता रैपुरिया ने भी प्रत्येक प्रतिभागी बेटी को पांच ग्राम चांदी का सिक्का भेंट करने का निर्णय लिया।

बैठक में उपस्थित समाजसेवियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से परिचय सम्मेलन को भव्य स्वरूप मिलेगा और समाज की बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। साथ ही समाज के प्रति अपनापन और सम्मान की भावना भी मजबूत होगी।

बैठक के अंत में अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री शंकर गुप्ता ने समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं से अपील की कि वे अपने विवाह योग्य पुत्र-पुत्रियों का समय रहते पंजीकरण कराएं तथा 15 एवं 16 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय परिचय सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने में अपना सहयोग दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here