




बदायूं। विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में आज सोमवार को हरीश चंद्रवंशीय समाज सेवा सदन (रस्तोगी धर्मशाला) में एक दिवसीय बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कासगंज एवं मथुरा से आईं मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी एवं शिवानी दीदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला संयोजिका मातृशक्ति डॉ. प्रतिभा गुप्ता (नोटरी अधिवक्ता) एवं सुश्री सुनीता मिश्रा ने मुख्य अतिथियों के साथ विश्व हिंदू परिषद की जिला उपाध्यक्ष महेशा सिंह एवं विभाग संयोजिका किरण जी का तिलक, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
मुख्य वक्ता कृष्णा दीदी ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार देना प्रत्येक परिवार का पहला दायित्व है। वहीं शिवानी दीदी ने बच्चों और अभिभावकों से मोबाइल का सीमित उपयोग करने तथा पुस्तकों के माध्यम से अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया। जिला उपाध्यक्ष महेशा सिंह ने ज्ञानवर्धक कहानियों के माध्यम से बच्चों का मार्गदर्शन किया, जबकि किरण जी ने प्रेरक एवं मनोरंजक खेलों का संचालन कराया।
अभ्यास वर्ग में 30 मातृशक्ति एवं 20 दुर्गा वाहिनी की बहनों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री योगेश पाठक, जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, जिला सह मंत्री राजेश बाबू, जिला उपाध्यक्ष डी.एन. शर्मा, सह सेवा प्रमुख राजेश सपड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनीता मिश्रा एवं श्रद्धा मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। अंत में मुख्य अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।


























