चंदौसी। अखिल भारतवर्षीय श्री वैश्य बारहसैनी युवा महासभा द्वारा पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर 50 वर्ष का सफल वैवाहिक जीवन पूर्ण कर चुके वार्ष्णेय दंपतियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 4 अक्टूबर 2026 (रविवार) प्रातः 11 बजे श्री बारहसैनी सेवा सदन, रामबाग धाम, चंदौसी में आयोजित होगा।
महासभा के राष्ट्रीय प्रधान ई. सुशील वार्ष्णेय (दिल्ली) एवं राष्ट्रीय महामंत्री योगेश कुमार गुप्ता (अलीगढ़) की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वरिष्ठ दंपतियों के दांपत्य जीवन, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक योगदान का सम्मान करना है।
महासभा ने समाज के सभी वार्ष्णेय परिवारों से अपील की है कि जिनके माता-पिता, दादा-दादी अथवा अन्य परिजन 4 अक्टूबर 2026 तक अपने वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूर्ण कर चुके हैं, उनका पंजीकरण गूगल फॉर्म के माध्यम से कराकर उन्हें सम्मान समारोह में अवश्य शामिल कराएं।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय प्रधान विकास वार्ष्णेय (बहजोई), राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सौरभ वार्ष्णेय (चंदौसी) तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजयराज लिथो (अलीगढ़) ने बताया कि यह आयोजन समाज के वरिष्ठ दंपतियों के सम्मान और नई पीढ़ी को पारिवारिक संस्कारों एवं वैवाहिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।


























