



बरेली, 25 जून। ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत विद्यालय खुलने के प्रथम दिन सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में विद्यार्थियों का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्रवेश द्वार पर पहुंचते ही भैया-बहनों पर पुष्पवर्षा की गई और उन्हें फूल भेंट कर अभिनंदन किया गया।
लंबे अवकाश के बाद विद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और प्रसन्नता साफ दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। बच्चों ने अपने मित्रों और आचार्य-दीदीजी से मिलकर खुशी व्यक्त की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने सभी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई ऊर्जा, अनुशासन और उत्साह के साथ अध्ययन कार्य में जुटने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालय का पहला दिन बच्चों के लिए नई शुरुआत, नए संकल्प और नई उमंग का अवसर होता है। विद्यालय परिवार का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को स्नेहपूर्ण, संस्कारयुक्त और प्रेरणादायी वातावरण मिले।
शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि ऐसे स्वागत कार्यक्रम बच्चों के मन में विद्यालय के प्रति अपनापन बढ़ाने के साथ ही उनमें उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्या दीदी उपस्थित रहीं।


























