बदायूं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर व्यापारियों ने बिजली बिलों पर 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू के नेतृत्व में व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन अधीक्षण अभियंता अजय कुमार को सौंपा।
जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने कहा कि पहले से ही बिजली बिलों में फिक्स चार्ज, मिनिमम चार्ज एवं अन्य शुल्क वसूले जा रहे हैं, ऐसे में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार की बढ़ोतरी व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालेगी। उन्होंने इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान रूपेंद्र सिंह लाम्बा, नरेश शंखधार, हाजी राशिद सैफी, संजीव आहूजा, अमित वैश्य, राजेश गुप्ता, दीपक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।


























