







बदायूं: मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश का त्रिदिवसीय प्रधानाचार्य सम्मेलन, कार्य समीक्षा एवं योजना बैठक समारोह पूर्वक संपन्न हो गया।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में शिक्षा पद्धति, संगठनात्मक संरचना और सांस्कृतिक मूल्यों पर गहन चर्चा की गई। इसमें शिशु शिक्षा पद्धति, संकल्पना एवं उद्देश्य, शिशु वाटिका की 12 व्यवस्थाएं, 14 क्रियाकलाप, सप्तशक्ति कार्यक्रम के परिणाम, संस्कृति बोध परियोजना, खेलकूद, योग, वैदिक गणित, विज्ञान मेला, वार्षिकोत्सव, अभिभावक सम्मेलन एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन हुआ।
साथ ही नगरों एवं ग्रामों में सज्जन शक्ति के जागरण, प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया के प्रभावी उपयोग, भारतीय ज्ञान परंपरा, संत प्रवचन, पंच परिवर्तन, पूर्व छात्र परिषद, विद्वत परिषद एवं कार्यालय प्रबंधन जैसे विषयों पर भी चर्चा कर इन्हें विद्यालय स्तर पर लागू करने की रणनीति बनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्या भारती ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री हरिशंकर, प्रदेश निरीक्षक यशवीर सिंह एवं हरवीर सिंह चाहर उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता हरिशंकर ने कहा कि विद्या भारती की योजना और परंपराओं का केंद्र बिंदु प्रधानाचार्य होता है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से युक्त ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना है, जो सामाजिक समरसता, भारतीय ज्ञान परंपरा और पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाए और भारत को विश्व गुरु के रूप में स्थापित करे।
सम्मेलन में विभिन्न सत्रों को यशवीर सिंह, होडिल सिंह, महेंद्र सिंह, मंजरी सिंह, अंकुर अग्रवाल, दयाल शर्मा, रामकिशोर श्रीवास्तव, रविकांत चावला, सुनील कुमार सिंह, राजहंस शर्मा, सुनील कुमार सिंह पुंडीर एवं सुरेंद्र कुमार गोला ने संबोधित किया। संचालन सुरेंद्र कुमार गोला ने किया, जबकि अतिथि परिचय ओमकार गंगवार ने कराया।
इस अवसर पर शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, ओमप्रकाश वैश्य, अमृतपाल सिंह, निदेशक कालिका प्रसाद गंगवार, प्रभारी प्रधानाचार्य कमलेश कुमार गोला, प्रचार प्रमुख राजकुमार सिंह सेंगर सहित ब्रज प्रांत के समस्त प्रधानाचार्य मौजूद रहे।


























