


बदायूं: शहर में दवा के थोक व्यापारी से हुई दो लाख रुपये की लूट का पुलिस ने महज तीन दिन में खुलासा कर दिया। इस सराहनीय कार्यवाही में मालवीयगंज पुलिस चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक हितेश कुमार और उनकी टीम की भूमिका बेहद अहम रही, जिनकी तत्परता और सूझबूझ से घटना का सफल अनावरण संभव हो सका।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पटियाली सराय निवासी दवा व्यापारी अंशुमन वैश्य 28 अप्रैल की रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हुसैनी गली पहुंचे, स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनसे दो लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। बैग में नकदी के साथ दुकान की चाबियां और मोबाइल भी थे।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहल्ला कल्याण नगर निवासी भरत कश्यप और उसके एक नाबालिग साथी को गांधी ग्राउंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए 1,60,880 रुपये, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि भरत कश्यप पहले पीड़ित व्यापारी की दुकान पर काम करता था और उसे उनकी दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर लूट की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
इस पूरे मामले के खुलासे में मालवीयगंज चौकी इंचार्ज हितेश कुमार और उनकी टीम—कांस्टेबल कुमार, शाहिद और अजय कुमार—की सक्रियता और मेहनत की व्यापक सराहना हो रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल आरोपी गिरफ्तार हुए, बल्कि लूटी गई अधिकांश रकम भी बरामद कर ली गई।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।


























