बिल्सी। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद बिल्सी के सभागार में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञान देवी सागर एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सागर ने नगर के पत्रकारों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ज्ञान देवी सागर ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। उसका दायित्व केवल समाचारों का प्रसारण करना नहीं, बल्कि समाज और व्यवस्था की कमियों को उजागर कर आमजन की समस्याओं को जन-जन तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, सटीक और सत्य जानकारी उपलब्ध कराना पत्रकारिता का मूल उद्देश्य है।

पूर्व पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सागर ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा मजबूत स्तंभ है, जो जनता और सरकार के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रतीक है और नागरिकों को उनके अधिकारों तथा कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि सच्ची पत्रकारिता का मार्ग चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन विपरीत परिस्थितियों और दबावों के बावजूद जब पत्रकार निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करता है, तभी लोकतंत्र मजबूत और सुरक्षित रहता है।कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पत्रकार बंधुओं की उपस्थिति रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here