
बदायूं। भीषण गर्मी और तेज धूप से लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को शहर सिविल लाईन स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर परिसर में शीतल पेय एवं बूंदी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा भाव से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को शीतल पेय एवं प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन को राहत प्रदान करने के लिए यह सेवा कार्य किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं और राहगीरों की भीड़ लगी रही, जिन्हें ठंडा शीतल पेय और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इसी भावना के साथ समय-समय पर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी जनहित के ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे।
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में मंदिर कमेटी एवं भक्तजनों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में पंडित धीरेन्द्र उपाध्याय, प्रवीण शर्मा, शिवोम राठौर, अनुज कुमार सिंह, नीतेश कुमार, मंजीत कुमार, रजनीश कुमार, पवन कुमार, कार्तिक, शिवांश, आरुष सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा समाज में सेवा और परोपकार की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।


























