मथुरा। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के अस्वस्थ होने के चलते उनकी दैनिक पदयात्रा और एकांत वार्ता को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस सूचना के बाद देशभर से दर्शन के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं में मायूसी छा गई।

रविवार देर रात बड़ी संख्या में भक्त महाराज जी के दर्शन के लिए वृंदावन स्थित श्री राधा हित केली कुंज आश्रम पहुंचे थे। श्रद्धालुओं को उम्मीद थी कि हर दिन की तरह तड़के 3 बजे महाराज जी पदयात्रा पर निकलेंगे, लेकिन उनकी जगह आश्रम के शिष्य बाहर आए और लाउडस्पीकर से स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी दी।

शिष्यों ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि महाराज जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसलिए फिलहाल पदयात्रा और एकांत वार्ता स्थगित की जा रही है। भक्त सड़क किनारे भीड़ न लगाएं और वापस लौट जाएं। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही लौट गए।

बताया जाता है कि संत प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन तड़के वृंदावन के केली कुंज आश्रम से सौभरी वन तक लगभग डेढ़ किलोमीटर की पदयात्रा करते थे। इस दौरान हजारों भक्त मार्ग में खड़े होकर उनके दर्शन करते थे। सामान्य दिनों में करीब 20 हजार श्रद्धालु पहुंचते थे, जबकि सप्ताहांत और विशेष पर्वों पर यह संख्या लाखों तक पहुंच जाती थी।

आश्रम की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि पिछले दो दिनों से महाराज जी का स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा है। चिकित्सकों की सलाह के बाद फिलहाल सभी सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने पर ही दर्शन और वार्ता दोबारा शुरू की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। पिछले करीब 20 वर्षों से उनका नियमित डायलिसिस चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में आश्रम में ही उनका उपचार किया जाता है।

प्रेमानंद महाराज देशभर में अपने आध्यात्मिक प्रवचनों और भक्ति संदेशों के लिए प्रसिद्ध हैं। उनके दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं। कई बड़ी राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां भी समय-समय पर उनके दर्शन को आती रहती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here