बरेली। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग बरेली में आज शिशु भारती शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अनुशासन, सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम पार्षद श्री चंद्रपाल आर्य उपस्थित रहे। उनका स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय एवं श्री राम किशोर श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर किया।

इसके बाद विद्यालय में चयनित छात्र-छात्राओं को विभिन्न दायित्व सौंपे गए तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष अनंत, मंत्री अर्जित कुमार एवं सेनापति शौर्य पांडे सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

मुख्य अतिथि श्री चंद्रपाल आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवा भाव का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से कार्य करने का संदेश दिया। वहीं शिशु भारती प्रमुख राजेश कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिशु भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य-आचार्याएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here