
सहसवान/नाधा। थाना सहसवान क्षेत्र के नाधा निवासी एवं जूनियर शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष विशाल मिश्रा ने भाजपा नेता पर फोन कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर विशाल मिश्रा ने थाना सहसवान में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं सोशल मीडिया पर भी ब्राह्मण समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
प्रार्थना पत्र में विशाल मिश्रा ने बताया कि वह यूपीएस नाधा में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं तथा वर्तमान में जनगणना कार्य का दायित्व भी निभा रहे हैं। उनका आरोप है कि भाजपा नेता एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने रात करीब 10:37 बजे व्हाट्सऐप कॉल कर उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित शिक्षक के अनुसार आरोपी ने कहा कि “तू मेरी खिलाफत करता है, मैं देखता हूं तुझे कौन बचाएगा” और घर से बाहर न निकलने देने जैसी धमकियां भी दीं। शिक्षक का कहना है कि इस घटना के बाद वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भय के माहौल में अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन करना मुश्किल हो रहा है।
विशाल मिश्रा ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह जूनियर शिक्षक संघ में जिला उपाध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं और इस प्रकार की धमकियां न केवल व्यक्तिगत बल्कि सामाजिक रूप से भी गलत संदेश देती हैं।
वहीं मामले को लेकर सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। कई लोगों ने इसे शिक्षक समाज और ब्राह्मण समाज का अपमान बताते हुए भाजपा नेता से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग लगातार घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। थाना पुलिस का कहना है कि प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


























