बिल्सी। क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिल्सी में अब स्नातक स्तर पर बीएससी की कक्षाएं शुरू करने की शासन से मंजूरी मिल गई है। इसी शैक्षिक सत्र से विज्ञान वर्ग की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य के लगातार प्रयासों के बाद शासन ने प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए पांच असिस्टेंट प्रोफेसर और चार प्रयोगशाला सहायकों के पद भी सृजित किए हैं। शासन द्वारा भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और गणित विषय के लिए पद स्वीकृत किए गए हैं।
बीएससी कक्षाएं शुरू होने की खबर मिलते ही छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से क्षेत्र के लोग राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान वर्ग शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब बिल्सी और आसपास के हजारों विद्यार्थियों को विज्ञान की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उच्च शिक्षा मंत्री के सहयोग से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और छात्र-छात्राओं को आर्थिक व सामाजिक परेशानियों से राहत मिलेगी।


























