
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के यज्ञ तीर्थ गुधनी में आयोजित होने वाले यज्ञ महोत्सव 2026 से पूर्व मंगलवार को नगर बिल्सी में भव्य यज्ञ यात्रा निकाली गई। आर्य समाज के तत्वावधान में आचार्य संजीव रूप के निर्देशन में निकली यात्रा का शुभारंभ साहबगंज से नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर एवं पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश सागर ने किया।
यात्रा में विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य भी पैदल शामिल हुए और लोगों को यज्ञ महोत्सव में भाग लेने का निमंत्रण दिया। सबसे पहले यात्रा तहसील परिसर पहुंची, जहां तहसीलदार प्रभा सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर ने पौधारोपण किया। इसके बाद यात्रा कोतवाली परिसर पहुंची, जहां भी वृक्षारोपण किया गया।
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह नगरवासियों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य ने कहा कि यज्ञ महोत्सव समाज को जागरूक करने और लोगों में सकारात्मक ऊर्जा भरने का कार्य करता है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, संस्कार और राष्ट्र जागरण का संदेश देता है।
आर्य समाज के प्रधान बद्री प्रसाद आर्य ने बताया कि 28 मई को बाल सम्मेलन आयोजित होगा, जबकि 29 मई से 51 कुंडीय यज्ञ शुरू होकर 31 मई तक चलेगा।


























