बिल्सी। सीबीएसई बोर्ड द्वारा मंगलवार को घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में बाबा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

विद्यालय के मेधावी छात्र तन्मय मौर्य ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा अर्जेश, अग्रिम चौहान, अग्रिम वार्ष्णेय और धैर्य वार्ष्णेय सहित 12 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यालय के चेयरमैन नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय, डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, निदेशिका साधना वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय चेयरमैन नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और बेहतर शिक्षा की होती है। उन्होंने कहा कि बाबा इंटरनेशनल स्कूल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उन्हें हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार कर रहा है।

डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के उच्च मानक स्थापित करना है, ताकि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता को उनकी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया।

प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि निरंतर मेहनत और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here