

बरेली। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग बरेली में मंगलवार को रंगारंग वेश प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न आकर्षक वेशभूषाओं में मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई। प्रथम चरण में प्रत्येक कक्षा से चयनित भैया-बहनों का चयन किया गया, जिसके बाद विद्यालय स्तर पर अंतिम प्रस्तुति का निरीक्षण कर विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं मंच संचालन कौशल का विकास करना था।
पूर्व प्राथमिक वर्ग में तनिष्का गौतम, शांभवी दीक्षित, नियति मौर्य, वंशिका एवं अवनी गंगवार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्राथमिक वर्ग में आध्या सिंह, गौरिका तिवारी, शानवी, वैष्णवी गंगवार एवं सिद्धि शांडिल्य ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती प्रेरणा (सेवानिवृत्त शिक्षिका, बीबीएल विद्यालय), श्रद्धा सक्सेना (संगीत अकादमी), शिप्रा पाठक एवं होम सिंह जी (बृज लोक विद्यालय) शामिल रहे। निर्णायकों ने बच्चों की प्रस्तुति, आत्मविश्वास और वेशभूषा की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने निर्णायक मंडल का स्वागत एवं सम्मान करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है तथा अभिभावकों को भी बच्चों की प्रतिभा और विकास को समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों से जीवंत नजर आया और अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की जानकारी शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा द्वारा दी गई।


























