



बदायूं। शहर के सर्राफा बाजार स्थित प्राचीन 84 घंटा हनुमान मंदिर में ज्येष्ठ मास के द्वितीय बड़े मंगल का पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
प्रातःकाल 8 बजे मंदिर में भगवान श्री हनुमान जी का सिंदूर एवं चमेली के तेल से चोला चढ़ाकर भव्य-दिव्य श्रृंगार किया गया। नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से सुसज्जित हनुमान जी के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूजन-अर्चन के बाद आरती उतारी गई तथा लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया।
शाम 7:30 बजे मंदिर में सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा एवं बजरंग बाण का पाठ किया गया। इसके बाद महाआरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मंदिर के पुजारी सुधीर मिश्रा ने बताया कि भगवान श्री हनुमान कलयुग के जागृत देव हैं और उनकी कृपा से भक्तों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ा मंगल का विशेष महत्व है, क्योंकि इसी दिन भगवान श्रीराम और हनुमान जी का मिलन हुआ था। हनुमान जी की आराधना से भक्तों के जीवन में सुख, शांति और नई ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर नगर के अनेक श्रद्धालु भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में राजकुमार सिंह सेंगर, राम गोपाल पटवा, कन्हैया मिश्रा, प्रदीप पटवा, वंश मिश्रा, राजीव सैनी, अखिलेश गुप्ता, आलोक गुप्ता एवं शिवम देवल सहित तमाम श्रद्धालु उपस्थित रहे।


























