
बदायूं। बदायूं के मीरा जी की चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में राम जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में सुनील राठौर, मुख्य अतिथि पंडित इशांत शर्मा तथा जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता सुनील राठौर ने अपने उद्बोधन से पूर्व भगवान श्रीराम की धनुषधारी मुद्रा का जीवंत प्रदर्शन कर श्रोताओं में ऊर्जा का संचार किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “राम का 14 वर्षों का वनवास ही उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम बनाता है। इसी कालखंड में उन्होंने आदर्श पुत्र, भाई, मित्र और पति के रूप में जीवन के उच्च आदर्श स्थापित किए।”
उन्होंने कहा कि राम केवल आस्था ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की पहचान और गौरव हैं। “राष्ट्र ही राम है और राम ही राष्ट्र है”—इस विचार के साथ उन्होंने समाज को राम के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। उनके उद्बोधन के दौरान सभा में उपस्थित श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण को गूंजायमान करते रहे।
कार्यक्रम का आयोजन जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला सह मंत्री राजेश बाबू, कोषाध्यक्ष नीरज गोचर, संदीप रस्तोगी “दीपू भैया” सहित बड़ी संख्या में राम भक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्यकर्ता डी.एन. शर्मा ने किया, जबकि समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी द्वारा किया गया।


























