कन्या भोज व विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़




बदायूं। बदायूं के सर्राफा बाजार स्थित 84 घंटा हनुमान मंदिर में भगवान श्रीराम के परम भक्त, संकट मोचक पवन पुत्र श्री बालाजी हनुमान महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है ।
प्रातःकाल मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा द्वारा श्री हनुमान बाबा का नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से भव्य एवं दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है । इसके उपरांत मिश्रा सुंदरकांड मंडल द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद 101 दीपों से बाबा की भव्य महाआरती उतारी गई। इसके पश्चात छप्पन भोग का लगाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रातः 10 बजे कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसके बाद दोपहर से विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ जो समाचार लिखे जाने तक जारी है,भंडारे में पहुंच कर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने बताया कि श्री बालाजी हनुमान बाबा कलयुग के जागृत देव हैं और उनकी उपासना से भक्तों के सभी संकट दूर हो जाते हैं।
इस अवसर पर रामगोपाल पटवा, प्रदीप पटवा, नरेश कुमार प्रजापति, कपिल रस्तोगी, आलोक भारद्वाज, दीपक वैश्य, अंशु वैश्य, कशिश रस्तोगी, संजय राणा, कन्हैया मिश्रा, वंश मिश्रा, अमित ढींगरा, राजू वैश्य, शिवम देवल, संजीव साहू, शगुन साहू, अमन, उत्कर्ष, मनु गुप्ता एवं राजकुमार सिंह सेंगर सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।


























