सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम में हुई महाआरती और भंडारा कल निकलेगी शोभायात्रा

बिल्सी। बिल्सी में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूरे नगर को सतरंगी लाइटों और गुब्बारों से सजाया गया, वहीं विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों और भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं ने आस्था का परिचय दिया।

मोहल्ला नंबर 4 स्थित श्री संकट मोचन दरबार में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। अपराह्न 11:00 बजे यहां विशाल हनुमान अष्टक हवन का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस दौरान विधायक हरीश शाक्य अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। दरबार के महंत संजय शर्मा ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। इसके बाद महाआरती संपन्न हुई तथा 501 कन्याओं का पूजन एवं भोज कराया गया। साथ ही 256 व्यंजनों का भोग लगाकर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शाम के समय वरिष्ठ नागरिकों एवं मीडियाकर्मियों को शॉल व पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।

वहीं सिद्ध पीठ श्री बालाजी धाम में भी हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में दोपहर 12:00 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसके पश्चात कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

धाम के महंत श्री मटरू मल शर्मा महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 अप्रैल, शुक्रवार को शाम 4:00 बजे सम्राट अशोक चौक अंबियापुर से विशाल हनुमान शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

इसके अतिरिक्त मोहल्ला नंबर 5 स्थित शनि देव मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जबकि तहसील रोड स्थित बालाजी मंदिर में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नगर के प्रतिष्ठित कारोबारी अमित वार्ष्णेय द्वारा अपने परिवार के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा तहसील क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी भक्ति भाव के साथ धार्मिक आयोजन एवं भंडारे संपन्न हुए।

पूरे दिन नगर में “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने हनुमान जन्मोत्सव को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here