देशभर के 40 से अधिक विद्वानों के विचारों से सजी पुस्तक बनी आकर्षण का केंद्र
बदायूं। बदायूं के एक महाविद्यालय परिसर में “स्वर्णिम काल @2047 : आत्मनिर्भर, समावेशी और विकसित भारत की परिकल्पना” पुस्तक का भव्य लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आशीष कुमार सक्सेना ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. मोहन लाल मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकीय महाविद्यालय बदायूं की प्राचार्या डॉ. श्रद्धा गुप्ता उपस्थित रहीं। इस अवसर पर प्रो. शिवराज कुमार द्वारा लिखित पुस्तक “Learning Assessment” का भी लोकार्पण भी किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने पुस्तक की विषय-वस्तु, उद्देश्य एवं वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कृति भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करती है। उन्होंने इसे शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
इस संपादित पुस्तक में देशभर के 40 से अधिक शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं विशेषज्ञों के विचारों का समावेश किया गया है। पुस्तक में शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, व्यापार, उद्योग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), कृषि एवं सतत विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों पर गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है, जो भारत के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण बौद्धिक योगदान है।
पुस्तक का संपादन डॉ. आशीष कुमार गुप्ता एवं डॉ. जीवन कुमार सारस्वत के साथ संयुक्त रूप से किया गया है। संपादक मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि इस पुस्तक का उद्देश्य केवल विचार प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि एक सकारात्मक विमर्श को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं प्राध्यापकों ने भी अपने विचार रखे और पुस्तक की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। साथ ही बड़ी संख्या में शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन एम.ए. राजनीति शास्त्र की छात्रा ऐश्वर्या भारद्वाज ने प्रभावी ढंग से किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आशीष कुमार सक्सेना ने कहा कि ऐसे बौद्धिक आयोजन राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। समारोह का समापन डॉ. संजीव कुमार सक्सेना के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


























