होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं में जनगणना ड्यूटी को लेकर टीचर्स फेडरेशन का आक्रोश, बीमार, दिव्यांग...

बदायूं में जनगणना ड्यूटी को लेकर टीचर्स फेडरेशन का आक्रोश, बीमार, दिव्यांग और गर्भवती शिक्षकों की ड्यूटी पर सवाल, डीएम को सौंपा ज्ञापन,समाधान की मांग,

बदायूं। जनगणना 2027 के तहत शिक्षकों की लगाई गई ड्यूटी में अनियमितताओं को लेकर बदायूं में शिक्षकों ने विरोध का मोर्चा खोल दिया है। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

संजीव शर्मा ने बताया कि विभाग को शिक्षकों का पूरा डाटा उपलब्ध होने के बावजूद गंभीर रूप से बीमार, दिव्यांग और गर्भवती महिला शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगा दी गई है, जो पूरी तरह अमानवीय है। उन्होंने ऐसे शिक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त करने की मांग की।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में विद्यालयों में नए सत्र के तहत नामांकन प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में अन्य जनपदों की तरह बदायूं में भी प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखा जाना चाहिए, ताकि शैक्षिक कार्य प्रभावित न हों।

शिक्षक नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को शहरी क्षेत्रों में और शहरी शिक्षकों को ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है, जिससे अनावश्यक परेशानियां बढ़ रही हैं। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यस्थल के आसपास लगाने की मांग की।

इसके अलावा शैक्षणिक पर्यवेक्षण और विद्यालयों के विकास कार्यों में लगे एआरपी (शैक्षिक सहयोगी) को भी इस ड्यूटी से मुक्त रखने की अपील की गई।

ज्ञापन में जनगणना प्रशिक्षण स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं—जैसे स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त हवा और बिजली कटौती की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

इस पर जिलाधिकारी अवनीश राय ने शिक्षकों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

इस दौरान टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह राठौर, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रेमानंद शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here