बदायूं। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट 2025 की लिखित परीक्षा का द्वितीय दिवस रविवार को जनपद बदायूं में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिले के सभी 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की निगरानी में परीक्षा कराई गई।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें अभ्यर्थियों की उपस्थिति उत्साहजनक रही। प्रथम पाली में 5232 अभ्यर्थियों में से 4257 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 975 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति प्रतिशत 81.36% दर्ज किया गया।
वहीं द्वितीय पाली में 5232 अभ्यर्थियों में से 4232 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1000 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति प्रतिशत 80.89% रहा।
जिले के सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। प्रशासन द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, पर्यवेक्षक और निगरानी तंत्र की तैनाती की गई थी, जिससे पूरे आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका।
द्वितीय दिवस की परीक्षा के सफल आयोजन के बाद प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया और आगामी प्रक्रियाओं को भी इसी प्रकार सुचारु रूप से पूरा करने का भरोसा जताया।


























