शहर संवाददाता पराग गुप्ता की रिपोर्ट –








बदायूं। बदायूं शहर के अति व्यस्त इलाके खैराती चौक स्थित सब्जी मंडी के मुख्य द्वार के बाहर रविवार सुबह लगभग 9:30 से 10 बजे के बीच रेडीमेड कपड़ों की प्रसिद्ध दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में ज्योति स्टोर्स रेडीमेड गारमेंट्स और दीपक कलेक्शन सहित उनके आसपास के गोदाम भी आग की चपेट में आ गए, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आग लगने की घटना ऐसे समय हुई जब रविवार की छुट्टी होने के बावजूद आगामी ईद को देखते हुए बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे थे। अचानक दुकान से उठते धुएं को देखकर बाजार में दहशत फ़ैल गई।
धुएं से दिन में छाया अंधेरा
आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के प्रमुख बाजार क्षेत्र घंटाघर, नेहरू चौक, गोपी चौक, छै सड़क और नगर पालिका चौराहा तक घना धुआं फैल गया। कई इलाकों में दिन के समय भी अंधेरा जैसा माहौल बन गया, जिससे बाजार में मौजूद लोग सहमे नजर आए।
पांच फायर ब्रिगेड और पालिका की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने के लिए पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, नगर पालिका के पानी के टैंकर और जेसीबी मशीन लगातार जुटी हुई थीं। प्रशासन का मुख्य प्रयास आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकना था, क्योंकि यह पूरा इलाका कपड़ों के थोक बाजार के रूप में जाना जाता है।
शटर तोड़ते ही भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह आसपास के फल-सब्जी विक्रेताओं ने दुकानों के अंदर से धुआं निकलते देखा और तत्काल दुकान स्वामी को सूचना दी। कुछ ही मिनट में दुकान मालिक मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद जेसीबी से शटर तोड़ा गया। शटर टूटते ही अंदर भरी आग को ऑक्सीजन मिल गई और लपटें तेजी से बाहर निकलने लगीं, जिससे बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
करोड़ों का नुकसान होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार आग से दुकानदार को एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। होली और ईद के त्योहार को देखते हुए दुकानों में भारी मात्रा में नए कपड़ों का स्टॉक रखा गया था। यह दुकान शहर की बड़ी रेडीमेड दुकानों में गिनी जाती थी, बतादें उक्त दुकानों के आसपास की थोक की दुकाने हैं जिनसे पूरे जिले में कपड़ों की सप्लाई होती है।
बताया जा रहा है कि यह दुकान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय के भाई की बताई जा रही है। आग से प्रभावित तीनों दुकानों में रेडीमेड कपड़ों का कारोबार होता था और उनसे जुड़े गोदाम भी दुकान के अंदर से ही संचालित किए जाते थे।
तेज हवाओं से बढ़ी चुनौती
सुबह से मौसम खराब होने और तेज हवाएं चलने के कारण आग बुझाने में प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आसपास के दुकानदार भी आग बुझाने में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।
बड़ी दुर्घटना टली
प्रशासन की तत्परता से फिलहाल आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया है। खास बात यह है कि दुकान के पास ही स्थित सब्जी मंडी की अधिकांश दुकानों पर प्लास्टिक की पन्नीयां और खपच्चियों की छतें हैं। यदि आग वहां तक पहुंच जाती तो तेज हवाओं के कारण बड़ा हादसा हो सकता था।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि इस बाजार क्षेत्र में इससे पहले भी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा उपायों के प्रति दुकानदारों की लापरवाही चिंता का विषय बनी हुई है।
फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


























