बदायूं। जनपद में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के प्लांट में घुसकर अज्ञात हमलावर ने कंपनी के प्रबंधक और उप-प्रबंधक को ताबड़तोड़ गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति प्लांट परिसर में पहुंचा और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने प्लांट के प्रबंधक सुधीर गुप्ता तथा उप-प्रबंधक हर्षित मिश्रा को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों अधिकारियों को दो से तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस फायरिंग से प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही दातागंज थाना और मूसाझाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में नाकेबंदी कर हमलावर की तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे प्लांट के एक पूर्व कर्मचारी का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है, जो पहले यहां पेलोडर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद उसका कंपनी प्रबंधन से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते पहले भी प्रबंधक और उप-प्रबंधक को जान से मारने की कोशिश की जा चुकी थी और इस मामले में मुकदमे भी दर्ज बताए जाते हैं।

पुलिस पूरे मामले को पुरानी रंजिश और नौकरी विवाद से जोड़कर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here