



बदायूं। बदायूं में अखिल भारतीय सर्व समाज महिला कुटुंब की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम कृष्णा लॉन प्रांगण में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें जिले की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला शक्ति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम में होली के रंगों और महिला दिवस के उत्साह ने पूरे माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में महिलाओं की भूमिका को लेकर विचार साझा किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विमलेश गुप्ता (नगर विधायक की पत्नी) उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में वर्षा यादव, नैना गुप्ता, दीपमाला गोयल, सुषमा मौर्य, मधुचंद्रा तथा मधु सक्सेना की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए महिलाओं के योगदान को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। जिले की कम आयु की प्रसिद्ध युवा चिकित्सक डॉ. रुचि गुप्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा एकल विद्यालय की शिक्षिका, महिला अधिवक्ता तथा घटपुरी की प्रधान श्रीमती अनुपमा को भी उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की संस्थापिका डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सशक्त शक्ति भी है। उन्होंने कहा कि एक नारी मां के रूप में संस्कार देती है, बहन के रूप में स्नेह प्रदान करती है, बेटी के रूप में घर में खुशियां लाती है और शिक्षिका के रूप में समाज को दिशा देने का कार्य करती है। आज की नारी शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, राजनीति, खेल और सामाजिक सेवा जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है। यह परिवर्तन केवल महिलाओं की प्रगति नहीं बल्कि पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है।
संस्था की अध्यक्ष डॉ. ममता नौगरियां ने कहा कि हमें मिलकर ऐसा वातावरण बनाना होगा जहां हर बेटी को शिक्षा, हर महिला को सम्मान और हर नारी को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिले। यही सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण होगा।
इस अवसर पर नीता गुप्ता ने कहा कि हमें संकल्प लेना चाहिए कि समाज में नारी सम्मान, समानता और सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। वहीं पूनम गुप्ता ने भी अपने प्रभावशाली विचार प्रस्तुत करते हुए महिलाओं की एकता और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। पिंकी सागर और दीपिका मिश्रा ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सुनीता मिश्रा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि पूनम विमल वैश्य, रेखा गुप्ता और राजकुमारी गुप्ता के गायन ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। वहीं इंदिरा अरोड़ा द्वारा प्रस्तुत भजन ‘शुकराना’ ने सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में मंजू गुप्ता ने अपनी हास्य कविता से उपस्थित लोगों को खूब गुदगुदाया। साथ ही मधु अग्रवाल और पूनम गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर डॉ. मधु गौतम, मंजुल शंखधार, पूनम विमल वैश्य, मंजू गुप्ता, गीता गुप्ता, नेहा शरद, मधु अग्रवाल, शिल्पी अग्रवाल, डॉ. प्रतिभा मिश्रा, सुमन गुप्ता, भावना, इंदिरा अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन ज्योति दीक्षित ने किया और अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता का संदेश दिया।


























