
बदायूं। जनपद बदायूं में शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर विस्तृत वार्ता की।
संघ के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बदायूं, को ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षकों की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान अधिकारियों के साथ लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शिक्षकों के ऑनलाइन चयन वेतनमान की लंबित स्वीकृति, एक ही पद पर 22 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके शिक्षक-शिक्षिकाओं की वरिष्ठता सूची जारी करने, सत्र 2026-27 की निशुल्क पाठ्यपुस्तकों को समय से विद्यालयों तक पहुंचाने, तथा सहसवान के खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कथित अनियमितताओं के मामले में ठोस कार्रवाई करने की मांग रखी गई।
इसके अलावा शिक्षकों की किसी कारणवश अनुपस्थिति पर एक दिन के अदेय वेतन को बहाल करने, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की कई माह से लंबित एसीपी स्वीकृति आदेश जारी करने, तथा खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा चिकित्सा अवकाश और बाल्य देखभाल अवकाश को अनावश्यक रूप से लंबित या निरस्त न करने और समय से अग्रसारित करने की मांग भी की गई।
संघ के पदाधिकारियों ने विद्यालयों में मिड डे मील योजना के संचालन में आ रही समस्याओं की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने से भोजन बनाने में कठिनाई हो रही है, इसलिए समय से गैस उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लाभार्थियों की संख्या के अनुसार कन्वर्जन कॉस्ट और खाद्यान्न भी समय से उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श के बाद बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने संबंधित पटल सहायकों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस पर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बीएसए का आभार व्यक्त किया।
संघ के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा ने कहा कि यदि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो शिक्षक संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान अरविंद सिंह राठौर, प्रेमानंद शर्मा, उदयवीर सिंह यादव, अतुल श्रोत्रिय, फरहत हुसैन, सुशील चौधरी, मोहम्मद अराफात खान, उजैर अहमद, वैभव श्रोत्रिय, रमन कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


























