बिल्सी। यात्रियों के प्रति बेहतर व्यवहार, समयपालन और मेहनत के दम पर बिल्सी होकर कासगंज मैनपुरी के लिए गुजरने वाली पीतलनगरी डिपो की रोडवेज बस ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के पीतल नगरी डिपो द्वारा जारी लोड फैक्टर चार्ट में मुरादाबाद-मैनपुरी रूट की बस ने 107 प्रतिशत लोड फैक्टर के साथ पूरे डिपो में पहला स्थान हासिल किया है।

डिपो द्वारा जारी टॉप-5 बसों की सूची में बस संख्या 8402 के परिचालक प्रभात कुमार सिंह ने सर्वाधिक आय और 107% लोड फैक्टर देकर पहला स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें डिपो की ओर से 1415 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

डिपो में हुए सम्मानित हुए परिचालक, यात्रियों से भी मिलता है भरपूर सम्मान

डिपो में उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के अधिकारी ट्रैफिक शाखा अध्यक्ष-विजेंद्र चौधरी, एवं उत्तर प्रदेश रोडवेज एम्पलाइज यूनियन के शाखा अध्यक्ष मोहित खान और शाखा मंत्री मनोज चौधरी की मौजूदगी में परिचालक प्रभात कुमार सिंह को नगद पुरस्कार और प्रशंसा के साथ सम्मानित किया गया।

डिपो अधिकारियों ने कहा कि प्रभात कुमार सिंह ने अपने व्यवहार, मेहनत और जिम्मेदारी से यह साबित कर दिया है कि यदि रोडवेज कर्मचारी यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करें और समय से सेवा दें तो बसें हमेशा भरी चल सकती हैं।

मुरादाबाद-मैनपुरी रूट पर दो साल से लगातार बेहतर सेवा

बताया जाता है कि मुरादाबाद से मैनपुरी जाने वाली यह बस चंदौसी-बिल्सी-बिसौली-कासगंज-एटा रूट से होकर गुजरती है और पिछले करीब दो वर्षों से नियमित रूप से समय पर संचालित हो रही है।इस बस को शीर्ष स्थान तक पहुंचाने में इस बस स्टाफ की जोड़ी चालक सोनू सिंह और परिचालक प्रभात कुमार सिंह की मेहनत को अहम माना जा रहा है।

यात्रियों से मित्रवत व्यवहार बना सफलता की कुंजी

इस बस से नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों का कहना है कि चालक-परिचालक का व्यवहार बेहद मित्रवत है। यात्रियों की सुविधा के लिए परिचालक प्रभात कुमार सिंह ने व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाया हुआ है, जिसमें बस के समय और लोकेशन की जानकारी दी जाती है।यही कारण है कि कई यात्री इस बस से नियमित यात्रा करना पसंद करते हैं और बस का लोड फैक्टर लगातार बेहतर बना हुआ है।

स्वदेश केसरी न्यूज़ का भी जताया आभार

परिचालक प्रभात कुमार सिंह ने बस की सफलता का श्रेय चालक सोनू सिंह के साथ-साथ क्षेत्र के प्रमुख डिजिटल पोर्टल स्वदेश केसरी न्यूज़ और उसके बिल्सी तहसील प्रभारी ललित वार्ष्णेय को भी दिया, जिन्होंने इस बस सेवा को लेकर लगातार सकारात्मक खबरें प्रकाशित कीं।

अन्य चालकों-परिचालकों को भी सीख लेने की सलाह

रोडवेज कर्मचारियों और अधिकारियों ने कहा कि प्रभात कुमार सिंह जैसे कर्मचारियों से अन्य चालकों और परिचालकों को प्रेरणा लेनी चाहिए। यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार, समयपालन और ईमानदारी से मेहनत करने से ही रोडवेज की आय बढ़ सकती है और यात्रियों का भरोसा भी मजबूत होता है।

डिपो द्वारा जारी चार्ट में जहां टॉप-5 बसों की सूची जारी की गई है, वहीं कम लोड फैक्टर देने वाली बसों और उनके स्टाफ का भी उल्लेख किया गया है, ताकि सभी कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here