
बिल्सी। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 की बहुचर्चित सड़क का निर्माण कार्य आखिरकार एक पखवाड़े बाद शुरू हो गया। इस मुद्दे को लेकर स्वदेश केसरी न्यूज़ ने जनभावना की आवाज को बुलंदी के साथ उठाया था, जिसके बाद पालिका प्रशासन हरकत में आया।
बताया जाता है कि पिछले लगभग एक वर्ष से जलभराव की समस्या से परेशान मोहल्ला वासियों का आक्रोश होली के दिन फूट पड़ा था। लोगों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर इंटरलॉकिंग उखाड़ दी और पालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिससे पालिका की काफी किरकिरी हुई।
लगातार बढ़ते दबाव और जनआक्रोश के बाद नगर पालिका ने टेंडर निकाल कर सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इस सड़क और नाली को 18 लाख की लागत से बनाया जायेगा, आज चेयरमैन पति ओम प्रकाश सागर ने पालिका कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क के साथ-साथ नाली का निर्माण कराया जाएगा और पुनः इंटरलॉकिंग बिछाई जाएगी, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होते ही गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मोहल्ला वासियों ने आरोप लगाया है कि नाली निर्माण में पीला ईंट का प्रयोग किया जा रहा है, जो मानकों के अनुरूप नहीं है। लोगों ने उच्च अधिकारियों से जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल, लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की उम्मीद तो जगी है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोगों की नजरें अब प्रशासन पर टिकी हुई हैं।


























