- बदायूं क्लब में होगा आचमन कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह
- साहित्य और सरस्वती का होगा शानदार संगम,

बदायूं। शहर में साहित्य और काव्य की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस वर्ष भी ‘आचमन कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन हर वर्ष की तरह इस बार भी आचमन फाउंडेशन द्वारा आगामी 5 अप्रैल को बदायूं क्लब बदायूं में आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन में देश के कई प्रसिद्ध कवि बदायूं पहुंचेंगे और अपनी रचनाओं से काव्य प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम को लेकर साहित्य प्रेमियों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है।
फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. सोनरूपा विशाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार कवि सम्मेलन के साथ पुस्तक वीथिका (बुक एग्जीबिशन) का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें बदायूं जनपद के साहित्यकारों की पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इच्छुक साहित्यकार अपनी पुस्तकों की पाँच प्रतियां 25 मार्च तक ‘सृजन’, प्रोफेसर कॉलोनी स्थित पते पर उपलब्ध करा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जनवरी माह में आयोजित ‘डॉ. उर्मिलेश वंदे मातरम् काव्य प्रतियोगिता’ के विजेताओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। आयोजकों ने शहर व आसपास के क्षेत्रों के सभी काव्य प्रेमियों से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर साहित्यिक रसास्वादन करने की अपील की है।


























