












बिल्सी तहसील के अंतर्गत उघैती थाना क्षेत्र के गांव सिद्धबरौलिया के पास सहसवान रोड पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने से हुई जोरदार भिड़ंत में तीन मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव उरैना से बड़ी संख्या में लोग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर उघैती थाना क्षेत्र के गांव तिगरा में विवाह से पूर्व होने वाली भात की रस्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उघैती की ओर से आ रहे एक खाली तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी ट्रॉली की आमने-सामने से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर पलट गई। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सूचना मिलते ही डायल 112, उघैती थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं।
घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने
पूजा (16) पुत्री मदनलाल,
राखी (10) पुत्री राजकुमार,
नितिन (11) पुत्र उपेंद्र
को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में 11 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बदायूं जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि 7 घायलों का इलाज सीएचसी बिसौली में जारी है। गंभीर रूप से घायलों में वीरेंद्र, शांति, आकाश, चंद्रकांता, रीना, अनीता, राजकुमार, नन्नुकी, अजयपाल, मंजी, छाया, कन्या, अमलेश, रीता और संजय शामिल बताए गए हैं।
इस संबंध में बदायूं एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि वजीरगंज क्षेत्र से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर भात की रस्म के लिए उघैती थाना क्षेत्र जा रहे थे। सहसवान रोड पर उघैती थाना क्षेत्र के गांव सिद्द बरौलिया के पास सामने से आ रहे खाली ट्रैक्टर से टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत और 18 से 20 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


























