
बदायूं जनपद के मुजरिया थाना से जुड़े एक वायरल वीडियो मामले में नया मोड़ आ गया है। जांच रिपोर्ट आने से पहले ही थाना प्रभारी की तहरीर पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के युवा जिलाध्यक्ष अतुल तोमर के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है, जिस पर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 19 फरवरी की है। अतुल तोमर एक धोखाधड़ी के मामले में नामजद आरोपियों की पैरवी के सिलसिले में मुजरिया थाने पहुंचे थे। इस दौरान थाना परिसर में उन्हें जीडी कार्यालय, फरियादियों के बैठने हेतु टिनशेड और महिला हेल्प डेस्क जैसी व्यवस्थाएं दिखाई गईं। आरोप है कि इसी दौरान बिना अनुमति के वीडियो बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हुई।
वायरल वीडियो में थाना प्रभारी ज्योति सिंह अतुल तोमर के साथ थाना परिसर में भ्रमण कराती दिखाई दे रही हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में एक गाना भी सुनाई देता है, जिससे बातचीत स्पष्ट नहीं हो पाती। यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
मामले की जांच सुनील कुमार (सीओ बिल्सी) को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे।
इस पूरे प्रकरण पर थाना प्रभारी ज्योति सिंह ने स्पष्ट किया कि न तो उन्होंने कोई वीडियो बनाया और न ही वायरल किया। उन्होंने बताया कि अतुल तोमर थाने आए थे और उन्हें वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई थी, जिसका उद्देश्य किसानों और आम जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करना था।
फिलहाल, मुजरिया थाने से जुड़े इस वायरल वीडियो प्रकरण ने जिले में चर्चा का विषय बना दिया है और सभी की निगाहें सीओ स्तर की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।


























