

बिल्सी।फ्यूचर लीडर्स स्कूल बदायूं रोड़ बिल्सी में गत माह आयोजित वार्षिक स्पोर्ट्स मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी खिलाड़ियों के लिए भव्य पदक वितरण समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ डॉ. राजीव सिंह, श्री चंद्रसेन माहेश्वरी एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री उमंग राज सक्सेना द्वारा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए किया गया।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री वी. पी. सिंह ने कहा कि खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अहम माध्यम हैं। प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खेल भावना को जीवन की सच्ची जीत बताया।
प्रधानाचार्य श्री रविन्द्र सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


























