
बिल्सी। नगर पालिका परिषद के सभागार में आज आयोजित बजट बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। पालिका चेयरपर्सन ज्ञान देवी सागर की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष का 25 करोड़ 56 लाख 36 हजार 661 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
अपराह्न 12 बजे शुरू हुई बैठक में बजट पर चर्चा के दौरान सभासदों ने नगर की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक की शुरुआत में सभासद प्रखर माहेश्वरी ने नगर में जर्जर हो चुकी जलापूर्ति पाइप लाइनों को बदलने की जोरदार मांग रखी। साथ ही उन्होंने प्रत्येक वार्ड में चलने वाले सफाई टेंपो पर माइक लगाए जाने की मांग भी उठाई, ताकि सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में कई सभासदों ने बिल्सी नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की। इस पर पालिका अध्यक्ष पति ओम प्रकाश सागर ने सदन को अवगत कराया कि शासन से पंडित दीनदयाल सड़क योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है, जिससे नगर के देववाणी चौक से स्टेट बैंक रोड तथा बिजली घर मार्ग की जर्जर सड़कों का सीसी निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि होली पर्व को देखते हुए नगर के प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग संबंधित वार्ड सभासद स्वयं करेंगे और पालिका प्रशासन को नियमित रूप से अवगत कराएंगे।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य, अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश यादव, युधिष्ठिर सिंह सहित अधिकांश सभासद मौजूद रहे। अंत में बजट प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किए जाने पर सदन में संतोष और सहमति का माहौल देखने को मिला।


























