बहजोई। एजुकेशन डेवलपमेंट ट्रस्ट बहजोई द्वारा संचालित बहजोई महाविद्यालय की प्रबंध समिति चुनाव–2026 को लेकर बहजोई नगर में राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रबंध समिति का यह महत्वपूर्ण चुनाव 6 फरवरी को महाविद्यालय परिसर में संपन्न होगा।

इस चुनाव में अध्यक्ष पद सहित उपाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष तथा सात कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। कुल 1190 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

चुनावी मैदान में बहजोई नगर के दो प्रतिष्ठित और प्रभावशाली दिग्गज आमने-सामने हैं। एक ओर दीपेंद्र कुमार वार्ष्णेय उर्फ टिंकू सेठ के नेतृत्व वाली टीम है, जबकि दूसरी ओर विनोद वार्ष्णेय ‘नेताजी’ की टीम चुनावी मुकाबले में पूरी ताकत झोंके हुए है। दोनों ही टीमों की प्रतिष्ठा इस चुनाव में दांव पर लगी हुई है।

बताया जाता है कि दीपेंद्र कुमार वार्ष्णेय उर्फ टिंकू सेठ, बिल्सी स्थित श्री श्याम सेवा मंडल के संचालक विकास वार्ष्णेय एवं बब्बू भैया के समधी हैं, जिससे उन्हें क्षेत्र के कई वर्गों का समर्थन प्राप्त बताया जा रहा है।

चुनाव को लेकर दोनों गुटों के समर्थक डोर-टू-डोर संपर्क अभियान में जुटे हुए हैं और सदस्य मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। पूरे नगर में चुनावी माहौल गर्माया हुआ है।

चुनाव अधिकारी लव मोहन वार्ष्णेय ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदान 6 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होते ही तुरंत मतगणना कराई जाएगी और उसी दिन शाम को चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

मतदाता सूची के अनुसार सर्वाधिक 950 सदस्य बहजोई से, 100 चंदौसी से, 35 अलीगढ़ से, 11 बिल्सी से हैं, जबकि शेष कुछ मतदाता दिल्ली से भी शामिल हैं।

अब देखना यह होगा कि बहजोई महाविद्यालय की प्रबंध समिति की कमान किसके हाथों में जाती है—टिंकू सेठ की टीम या विनोद वार्ष्णेय नेताजी की टीम। 6 फरवरी को आने वाला परिणाम दोनों खेमों के भविष्य की दिशा तय करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here