बरेली।नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में शैक्षिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं विद्यालय के समग्र वातावरण के मूल्यांकन हेतु 24 घंटे का समग्र विद्यालय अवलोकन कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह अवलोकन शिशु शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
अवलोकन हेतु पधारे श्रीमान परशुराम जी (महानगर सामाजिक समरसता संयोजक) ने प्रातःकालीन वंदना सत्र में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने अतिथि परिचय कराते हुए 24 घंटे के समग्र अवलोकन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का अवलोकन विद्यालय की पूरे वर्ष की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का वास्तविक प्रतिबिंब प्रस्तुत करता है।
शिशु शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अवलोकन के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षा संचालन, छात्र अनुशासन, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन व्यवस्था तथा आवासीय सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। अवलोकनकर्ताओं ने कक्षा-कक्ष में शिक्षण शैली, शिक्षकों की तैयारी, विद्यार्थियों की सहभागिता और सीखने के स्तर का सूक्ष्मता से मूल्यांकन किया।
इसके साथ ही प्रातःकालीन वंदना, प्रार्थना सभा, योग, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सायंकालीन अध्ययन व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। रात्रि विश्राम के समय विद्यार्थियों के अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
अवलोकन दल ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, आचार्यों की निष्ठा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु कुछ रचनात्मक सुझाव भी विद्यालय प्रबंधन को प्रदान किए।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने अवलोकन दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों को शीघ्र ही अमल में लाया जाएगा। यह 24 घंटे का समग्र अवलोकन कार्यक्रम विद्यालय के निरंतर सुधार एवं उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय का संपूर्ण आचार्य परिवार उपस्थित रहा।


























