बदायूं। जनपद बदायूं में बीएसएनएल के उपभोक्ता पिछले 48 घंटों से भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। जिले के अधिकांश इलाकों में बीएसएनएल की मोबाइल सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। नेटवर्क न होने के कारण न तो कॉल हो पा रही है और न ही इंटरनेट सेवाएं काम कर रही हैं।

इस संबंध में जब स्वदेश केसरी ने बदायूं के टीडीएम नवनीत चौहान से जानकारी ली, तो उन्होंने बताया कि बदायूं–मुरादाबाद और बदायूं–बरेली रोड पर चल रहे नेशनल हाईवे के 6 लेन निर्माण कार्य के दौरान बीएसएनएल की केबल कट गई है। इसी कारण जिले में सेवाएं बाधित हुई हैं। टीडीएम के अनुसार अगले तीन से चार घंटे में सेवाएं बहाल होने की संभावना है।

हालांकि, जिले के बीएसएनएल उपभोक्ताओं का कहना है कि जब से पीएनटी (PNT) नंबर बंद किए गए हैं, तब से स्थानीय स्तर पर किसी भी तरह की जानकारी मिलना लगभग असंभव हो गया है। उपभोक्ताओं को यह तक नहीं पता चल पा रहा कि आखिर पिछले 48 घंटों से उनके मोबाइल फोन में सिग्नल क्यों नहीं आ रहे हैं। जानकारी के अभाव में कई उपभोक्ता यह समझ बैठे कि उनका सिम कार्ड खराब हो गया है और वे बेवजह सिम बदलवाने या सर्विस सेंटर के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं।

उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि बीएसएनएल विभाग की ओर से न तो कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही मीडिया के माध्यम से सही जानकारी साझा की गई, जिससे वास्तविक कारण समय रहते सामने आ सकता था और लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता था।

अब सवाल यह उठता है कि इसे बीएसएनएल अधिकारियों की लापरवाही कहा जाए या फिर विभागीय सूचना तंत्र की विफलता। जो भी हो, लेकिन 48 घंटे तक संचार सेवाएं ठप रहने से व्यापार, शिक्षा और आपातकालीन सेवाओं पर इसका सीधा असर पड़ा है।

उपभोक्ताओं ने मांग की है कि बीएसएनएल भविष्य में ऐसी स्थिति में समय रहते सूचना साझा करे और स्थानीय स्तर पर शिकायत निवारण की व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि आम जनता को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here