
बिल्सी। नगर के फ्यूचर लीडर्स स्कूल के कक्षा 7 व 8 के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में बिल्सी पुलिस स्टेशन का शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था तथा समाज में सुरक्षा की भूमिका से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना रहा।
पुलिस स्टेशन पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्वागत थानाध्यक्ष मनोज कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर वी.के. मौर्य एवं उपनिरीक्षक रचना देशवाल सहित समस्त पुलिस स्टाफ द्वारा किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को अपराध नियंत्रण, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, वायरलेस संचार व्यवस्था, लॉक-अप प्रणाली, आपातकालीन सेवाएं, यातायात नियमों तथा साइबर अपराध से बचाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला व बाल सुरक्षा तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ पुलिस अधिकारियों से कई प्रश्न पूछे, जिनके सरल व प्रेरणादायक उत्तर पाकर छात्र-छात्राएं काफी प्रभावित नजर आए। इस शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन से जुड़ा ज्ञान मिला और उनमें कानून के प्रति सम्मान व जागरूकता की भावना विकसित हुई।
विद्यालय के डायरेक्टर वी. पी. सिंह ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे छात्रों में व्यवहारिक ज्ञान, सामाजिक जिम्मेदारी तथा नागरिक कर्तव्यों की समझ विकसित होती है।
इस अवसर पर विद्यालय की ओर से पीटीआई विश्वदीपक शर्मा, रूबी मौर्य, शिवानी सिंह एवं प्रीति श्रीवास्तव उपस्थित रहीं, जिन्होंने पूरे भ्रमण के दौरान छात्रों का मार्गदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन समिति ने बिल्सी पुलिस स्टेशन के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


























