बिल्सी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बांस बरौलिया में एक पुलिस आरक्षी द्वारा 6 वर्षीय मासूम बच्चे पर हाथ उठाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यह घटना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करती है कि बच्चों से संवेदनशील व्यवहार को लेकर पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग कितनी कारगर है।

घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। गांव निवासी राजपाल उर्फ राजू के शिकायती पत्र की जांच के लिए दो आरक्षी गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों के अनुसार जांच के दौरान एक आरक्षी ने राजकमल उर्फ़ राजू के 6 वर्षीय बेटे आयुष से मोटरसाइकिल में हवा भरने को कहा। बच्चे द्वारा यह कहने पर कि “पापा, नहीं हैं इसलिए हवा नहीं पड़ पाएगी”, आरक्षी नाराज़ हो गया और मासूम के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही बच्चा बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा

घटना की खबर फैलते ही गांव में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। हजारों की संख्या में ग्रामीण वजीरगंज–बिल्सी मार्ग पर पहुंच गए और सड़क जाम कर पुलिस विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। हालात तेजी से बिगड़ते देख मौके पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी बिल्सी संजीव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हिरदेश कठेरिया पहुंचे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपीआरए डॉ. हिरदेश कठेरिया ने तत्काल निर्णय लेते हुए आरोपी आरक्षी विकास यादव को निलंबित कर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि

“बच्चों के साथ किसी भी तरह की अमानवीय हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

पूरे मामले की जांच सीओ बिल्सी को सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेत्री ममता शाक्य भी गांव पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस्लामनगर की पूर्व घटना से पुलिस ने कोई सबक नहीं लिया, लेकिन समय रहते एसपीआरए द्वारा लिया गया सख्त फैसला हालात को काबू में ले आया, जिससे बड़ा टकराव टल गया।

ग्रामीणों और सामाजिक लोगों का मानना है कि ऐसे आरक्षी को केवल निलंबन ही नहीं, बल्कि दोबारा मानवीय प्रशिक्षण (Human Behaviour Training) के लिए भेजा जाना चाहिए, ताकि यह सिखाया जा सके कि बच्चों से कैसे पेश आया जाता है। पुलिस सेवा में ऐसे असंवेदनशील व्यवहार के लिए शून्य सहनशीलता नीति अपनाई जानी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here