बिल्सी (बदायूं)। सतेती–वजीरगंज मार्ग स्थित एसकेएलएम पब्लिक स्कूल, बिल्सी में मंगलवार को हिन्दुस्तान ओलंपियाड परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। परीक्षा में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और पूरी तैयारी एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित हुए।
परीक्षा में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं ने पूर्व तैयारी के साथ शांत चित्त एवं अनुशासन में रहकर परीक्षा दी। परीक्षा केंद्र पर सुव्यवस्थित और शांत वातावरण देखने को मिला, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर पी.डी. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “यह आपके जीवन की प्रथम प्रतियोगी परीक्षा है। आगे भी आपको अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं से गुजरना होगा, जो आपके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेंगी। इस प्रकार की परीक्षाओं से बौद्धिक विकास होता है और अपनी योग्यता एवं प्रतिभा को पहचानने का अवसर मिलता है।”
विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं में अवश्य भाग लेना चाहिए, क्योंकि इससे बच्चों का मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में ऐसी परीक्षाएं अत्यंत आवश्यक हैं, जो छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
इस अवसर पर डॉ. निधि सिंह, कोऑर्डिनेटर उपदेश कुमार, प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर अंजली सिंह, रंजीत सिंह, वीना सिंह, कमलेश कुमारी, अनम सैफी, सपना माहोर, शानू सिंह, शिवि चौहान, वीना कुमारी, शालू शंखधार, कंचन तोमर, तुलसी शर्मा, शिल्पी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


























