बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार 23 जनवरी 2026 को कक्षा पी.जी. से के.जी. तक के विद्यार्थियों के साथ वसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूरी तरह भक्तिमय और उल्लासपूर्ण नजर आया।

    वसंत पंचमी के पावन अवसर पर सभी विद्यार्थी व शिक्षक पीले रंग की वेशभूषा में विद्यालय पहुँचे, जिससे पूरा परिसर बसंती छटा से सराबोर हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, निदेशिका साधना वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, तिलक व माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, ज्ञान और सद्बुद्धि की कामना की गई।

    कार्यक्रम के अंतर्गत नन्हे विद्यार्थियों के लिए वसंत पंचमी से जुड़ी रचनात्मक व मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, त्योहारों के महत्व और सहयोग की भावना से परिचित कराया गया।

    इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति भी रही। पर्व को शुभ मानते हुए कई अभिभावकों ने विद्यालय में अपने बच्चों का प्रवेश (एडमिशन) भी कराया, जिससे विद्यालय परिवार में प्रसन्नता का माहौल रहा।

    विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि वसंत पंचमी माँ सरस्वती के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है और यह बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। वहीं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने वसंत पंचमी को ज्ञान, संगीत और कला की देवी माँ सरस्वती से जुड़ा पर्व बताते हुए छात्रों से परिश्रम व लगन के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों व उपस्थित अभिभावकों को प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here