




बदायूं। श्री श्री गौर-निताई की 39वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर बदायूं नगर में मंगलवार को आयोजित भव्य नगर संकीर्तन एवं डोला यात्रा आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम बन गई। सायंकाल बिरबावाड़ी मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई इस डोला यात्रा में श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा शहर “हरे कृष्ण हरे राम” के दिव्य महामंत्र से गूंज उठा।
ढोल-मंजीरों की मधुर गूंज, संकीर्तन मंडलियों का सामूहिक गायन और भक्तों का भाव-विभोर नृत्य—हर दृश्य भक्ति रस में डूबा नजर आया। नगर संकीर्तन पथिक चौक, टिकटगंज, हलवाई चौक, मढई चौक एवं काली सड़क सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।
नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर डोल यात्रा का भव्य स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी सहभागिता ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद वितरण भी किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
आयोजकों ने बताया कि इस नगर संकीर्तन का उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव, आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट एवं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा सुरक्षा, अनुशासन और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखा गया।
नगर संकीर्तन के समापन पर मंदिर परिसर में विधिवत आरती की गई, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। देर शाम तक श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन रहे। इस आयोजन ने बदायूं नगर को भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया, जिसकी नगरवासियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
इस अवसर पर महाराज श्री पंकज जी, अरुण, श्याम, ऋषिराम, संजीव, अतुल, कृष्णा, अग्र, अक्षत, राकेश, ललित, अभिषेक, नरेंद्र, गौरांग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आयोजकगण उपस्थित रहे।


























