बिल्सी।अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस्लामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 100 पेटी अवैध शराब, एक पिकअप वाहन और एक थार गाड़ी के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि थार में सवार दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं डॉ. बृजेश कुमार सिंह के कुशल निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बिल्सी के पर्यवेक्षण में अपराध की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना इस्लामनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर गंगा एक्सप्रेस-वे हाईवे क्रासिंग, चन्दौसी रोड अंडरपास पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की टाटा पिकअप (फर्जी नंबर प्लेट यूपी 24 एटी 9280) और एक काले रंग की थार गाड़ी (पीबी 65 बीएम 7097) को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार, थार गाड़ी बैरियर में टक्कर मारते हुए तेजी से इस्लामनगर की ओर भाग निकली, जबकि पिकअप को मौके पर रोक लिया गया। पिकअप से 25 कार्टन में भरी 100 पेटी अवैध शराब (कुल 4800 पव्वे) बरामद की गई, जिन पर हिमालय ड्रग कंपनी का लेबल लगा हुआ था।

पुलिस ने मौके से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान—

  1. सुमित वर्मा पुत्र भजनलाल, उम्र 30 वर्ष, निवासी सुन्दरनगर, चंडीगढ़ (मूल निवासी ग्राम लस्करपुर, उन्नाव)
  2. गुड्डू पुत्र मकबूल, उम्र 22 वर्ष, निवासी सैनी कॉलोनी, पानीपत (हरियाणा)
  3. पारुल पुत्र प्रताप सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम खरेटी, जींद (हरियाणा)
  4. मनीश शर्मा पुत्र उत्तम चंद्र शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी दफरपुर, डेरावासी, चंडीगढ़

बरामद पिकअप वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज कर दिया गया है। फरार हुई थार गाड़ी को बाद में बिसौली थाना क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि थार गाड़ी उनके मालिक सुनील की है, जो एक अन्य साथी के साथ थार में सवार था और मौके से फरार हो गया।

इस मामले में थाना इस्लामनगर पर मु.अ.सं. 11/2026 के तहत धारा 60/72/63(E) आबकारी अधिनियम व 318/338/336(3)/340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here