बिल्सी। शाहाबाद–बिसौली–कछला राज्य मार्ग स्थित गुधनी खोँसारा गांव में सरकारी तालाब पर अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बिल्सी तहसील पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तालाब को तत्काल कब्जा मुक्त कराने की मांग की। इस संबंध में ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी बिल्सी को एक ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बेहटा गुसाई मोड़ के पास स्थित सरकारी तालाब पर कुछ दबंग लोगों ने पक्की दीवार खड़ी कर अवैध कब्जा कर लिया है, जिससे तालाब का अस्तित्व संकट में पड़ गया है। तालाब पर कब्जे के चलते न केवल जल संरक्षण प्रभावित हो रहा है, बल्कि गांव की सार्वजनिक संपत्ति पर भी सीधा हमला है।
मामले को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों की मांग है कि अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त कर सरकारी तालाब को कब्जा मुक्त कराया जाए।
इस मामले में उप जिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने और पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान लक्ष्मण चंद्र शर्मा, सोहन पाल, महेंद्र सिंह, राम अवतार, प्रेम सागर, रामसेवक, सत्यवान, ज्ञानचंद, अजय पाल, अमर शर्मा, रतनपाल, योगेश कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।


























