बिल्सी।मकर संक्रांति के पावन पर्व के उपलक्ष्य में नगर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में बालाजी तिराहा स्थित बाबा एप्लायंसेज पर गुरुवार को विशाल खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
खिचड़ी भोज के दौरान आयोजन स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। केवल नगर के लोग ही नहीं, बल्कि मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी प्रेमपूर्वक खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता, सेवा भावना और आपसी भाईचारे का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
इस अवसर पर बाबा एप्लायंसेज के संचालक मेहुल वार्ष्णेय ने कहा कि मकर संक्रांति केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और सेवा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ता है।
खिचड़ी भोज में शामिल श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय सामाजिक पहल बताया।


























