


बिल्सी।मकर संक्रांति पर्व नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर नगर की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं, आश्रमों एवं मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ खिचड़ी भोज व प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मोहल्ला नंबर–3 स्थित पीपल बाबा आश्रम में आचार्य गोपाल दास स्वामी फाउंडेशन की ओर से मकर संक्रांति के अवसर पर निर्धन एवं सैकड़ों महिलाओं को कंबल वितरित किए गए, साथ ही श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया। इससे पूर्व आश्रम परिसर में श्री रघुनाथ जी मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भक्तिभाव का वातावरण बना रहा।
वहीं नगर के शिव शक्ति भवन मंदिर में दोपहर 3 बजे खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें समाजसेवी मनोज वार्ष्णेय, संजीव महेश्वरी और राजीव शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इसके अतिरिक्त नगर के अनेक स्थानों पर मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में धार्मिक आयोजन किए गए। बदायूं बस स्टैंड के निकट सपा नेता कविंद्र सक्सेना की ओर से भी खिचड़ी भोज का आयोजन कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। नगर के विभिन्न मंदिरों में हवन, पूजन एवं भंडारे के कार्यक्रमों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
मकर संक्रांति के अवसर पर नगरवासियों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाते हुए दान, सेवा और पुण्य कार्यों के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।


























