






बिल्सी: नगर के मोहल्ला नंबर-3 स्थित श्री रघुनाथ जी मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय महायज्ञ धार्मिक श्रद्धा और आस्था के वातावरण में निरंतर आगे बढ़ रहा है। रविवार को गुप्त नवरात्रि के सातवें दिन महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने पहुंचकर विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विशेष रूप से दुर्गा सप्तशती पाठ का श्रद्धापूर्वक स्मरण एवं पाठ किया जा रहा है, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया है। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां महिला व पुरुष भक्तों ने माता शक्ति की आराधना करते हुए यज्ञ में सहभागिता निभाई।
महायज्ञ के संचालक पंडित राजीव शर्मा ने बताया कि यह महायज्ञ कुल नौ दिनों तक चलेगा और इसका समापन 27 जनवरी (मंगलवार) को पूर्ण आहुति एवं हवन के साथ किया जाएगा। समापन अवसर पर कन्या भोज तथा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें नगर व आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
आयोजन समिति द्वारा महायज्ञ को सफल बनाने हेतु व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा-पाठ, प्रसाद वितरण एवं भंडारे की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सातवें दिन के यज्ञ में वरिष्ठ पत्रकार ललित मोहन वार्ष्णेय, राजीव वार्ष्णेय, जितेंद्र वार्ष्णेय, आर्किटेक्ट मुकुल शर्मा, लक्ष्मी गुप्ता, वीणा वार्ष्णेय, रानी खासट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने भाग लेकर आहुतियां दीं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।


























