बिल्सी: जनपद बदायूं और कस्बा बिल्सी के लिए इस बार का गणतंत्र दिवस बहुत ही खाश है इस बार यह नगर और जनपद के लिए गौरव, सम्मान और खुशी लेकर आने वाला है। नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी आर.ओ. ग्रुप के संचालक ओम बाबू वार्ष्णेय (इंजीनियर) की नातिन इशान्वी वार्ष्णेय 26 जनवरी को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।

इशान्वी वार्ष्णेय ओडिसी शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करेंगी। कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रस्तुति देना केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक माना जाता है। इशान्वी इस प्रतिष्ठित मंच से देश-विदेश के दर्शकों के सामने भारत की प्राचीनतम शास्त्रीय नृत्य परंपराओं में से एक ओडिसी कला की सुंदरता को प्रस्तुत करेंगी।

बताया गया है कि इशान्वी, ओम बाबू वार्ष्णेय (इंजीनियर) के छोटे पुत्र राहुल वार्ष्णेय (सॉफ्टवेयर इंजीनियर) की पुत्री हैं एबं बिल्सी के बड़े कारोबारी प्रफुल्ल वार्ष्णेय की भतीजी हैं। वर्तमान में इशान्वी के माता-पिता नोएडा में निवास कर रहे हैं, लेकिन उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से बिल्सी सहित पूरे जनपद बदायूं में खुशी की लहर दौड़ गई है।

परिवारजनों और शुभचिंतकों ने बताया कि इशान्वी की यह उपलब्धि उसकी लगन, कठिन परिश्रम और ओडिसी नृत्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। इतने बड़े राष्ट्रीय मंच पर भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करना किसी भी कलाकार के लिए सपना होता है, जिसे इशान्वी साकार करने जा रही हैं।

नगर के बुद्धिजीवियों, व्यवसायियों और कला प्रेमियों ने इशान्वी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे बिल्सी और बदायूं जनपद का नाम रोशन कर रही हैं। सभी ने ईश्वर से कामना की कि इशान्वी की प्रस्तुति अत्यंत सफल हो और वह कर्तव्य पथ पर अपनी कला से देश को गौरवान्वित करे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here