• कल से बदायूं में गूंजेगा हरिनाम, गौर-निताई 24 घंटे का अखंड संकीर्तन आकर्षण का केंद्र,
  • फूलों की होली, दधि मंगल आरती और प्रसाद वितरण—बिरबावाड़ी मंदिर में होगा आस्था का उत्सव

बदायूं।श्री श्री गौर-निताई की 39वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर बदायूं के प्रसिद्ध बिरबावाड़ी मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से परिपूर्ण भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव मंगलवार 20 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर शुक्रवार 23 जनवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

महोत्सव की शुरुआत मंगलवार सायं 4 बजे बिरबावाड़ी मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों पथिक चौक, टिकटगंज, हलवाई चौक, मढई चौक व काली सड़क से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न होगी। शोभायात्रा के दौरान नगर का वातावरण हरि नाम के संकीर्तन से भक्तिमय हो उठेगा।

बुधवार 21 जनवरी को सायं 7 बजे शुभ अधिवास का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद गुरुवार 22 जनवरी को 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन आयोजित होगा, जिसमें देश-प्रदेश से आए संकीर्तन मंडलियों द्वारा निरंतर हरिनाम का जाप किया जाएगा।
महोत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार 23 जनवरी 2026 को विशेष हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, अभिषेक, फूलों की होली, दधि मंगल आरती तथा भव्य प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार यह वार्षिक आयोजन श्री श्री गौर-निताई की कृपा एवं श्री राधा-कृष्ण की असीम अनुकंपा से हर वर्ष श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न कराया जाता है।महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर श्री श्री गौर-निताई संकीर्तन ट्रस्ट (रजि.) द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ट्रस्ट ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here