चंदौसी/ बदायूं/। सामाजिक सरोकार और चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चंदौसी स्थित पार्थ हॉस्पिटल के संचालक डॉ. वीरेश कुमार को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। दिल्ली की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था डॉक्टर आईकॉनिक पीस अवॉर्ड काउंसिल की ओर से नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशनल क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित गरिमामयी समारोह में डॉ. वीरेश कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि डॉ. वीरेश कुमार न केवल एक कुशल चिकित्सक हैं, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी वे सदैव अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं को केवल व्यवसाय न मानकर सेवा भाव के रूप में अपनाया है। जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना उनकी पहचान बन चुकी है। इसी सेवा भावना और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. वीरेश कुमार ने इसे अपनी नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता और अपने अस्पताल की पूरी टीम की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि चंदौसी और आसपास के लोगों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वही उन्हें निरंतर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। डॉ. वीरेश ने क्षेत्र की जनता, सहयोगियों और परिवार का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ समाज और मरीजों की सेवा करते रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के सम्मान चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। डॉ. वीरेश कुमार के इस सम्मान से चंदौसी सहित बदायूं जनपद में खुशी की लहर है और उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।

यह सम्मान न केवल डॉ. वीरेश कुमार की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है, जिससे स्थानीय चिकित्सा सेवाओं की सकारात्मक छवि राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here